-
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, ड्राइवर फरार, बाइक के उड़े परखच्चे
महिदपुर,/ महिदपुर मार्ग पर ग्राम डेलची बुजुर्ग और बंजारी फांटा के बीच में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल युवक की पहचान ग्राम डेलची बुजुर्ग निवासी संजय राव के रूप में हुई है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।
ग्रामीणों की तत्परता से घायल संजय राव को गंभीर हालत में सिविल हॉस्पिटल महिदपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।