भोपाल में धूमधाम से मनेगी मां कर्मा देवी जयंती

साहू समाज की आराध्य देवी मां कर्मा देवी की जयंती 28 मार्च को है। साहू समाज ने इसे धूमधाम से मनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोरोना की तीसरी लहर का प्रकोप खत्म होने के बाद अब धामिक जलसों, रैलियों से भी प्रतिबंध हट गया है।

लिहाजा साहू समाज मां कर्मा देवी की विशाल शोभायात्रा निकालने की तैयारी कर रहा है। घोड़ा निक्कास स्थित मां कर्मा देवी मंदिर से यह शोभायात्रा निकाली जाएगी।

समाज के अध्यक्ष अनिल साहू ने बताया कि जयंती समारोह में सुबह मंदिर में फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। मां कर्मा देवी की पूजा अर्चना होगी। भजन कीर्तन होंगे। मां कर्मा की खिचड़ी का भोग भगवान श्रीकृष्ण को लगाया जाएगा। जगन्नाथपुरी में सबसे पहले मां कर्मा की खिचड़ी का ही भोग भगवान श्री कृष्ण को लगाया जाता है। दोपहर दो बजे विशाल शोभायात्रा साहू समाज मंदिर से प्रारम्भ होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। यात्रा में शहर भर से साहू समाज के लोग शामिल होंगे। मां कर्मा देवी की विधि-विधान से पूजा अर्चना की जाएगी।

बता दें कि हर साल साहू समाज मां कर्मा देवी की जयंती मनाता है। कोरोना के कारण बीते दो सालों से आयोजन सांकेतिक रूप से हो रहा था। इस बार कोरोना कम होने से भव्य स्तर पर मां कर्मा जयंती मनाई जाएगी।

सुभाष नगर में आज से शुरू होगी श्रीमद्भावगत कथा

कोरोना महामारी के अंधकारमय वातावरण पर विजय पाने के बाद अब प्रकाशमय लालिमा के रूप में शहर के ओल्ड सुभाष नगर स्थित श्री शक्ति मंदिर परिसर में सातदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आज कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। सुबह दस बजे श्रद्धालु महिलाएं मंदिर परिसर में एकत्र हुईं और स्थानीय स्तर पर कलश यात्रा निकाली। श्रीमद्भागवत कथा के इस सप्तदिवसीय आयोजन में प्रसिद्ध भागवताचार्य पंडित नवीनचंद्र शास्त्री के मुखारविंद से श्रद्धालु कथा का श्रवण करेंगे। बुधवार दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे चलने वाली श्रीमद् भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। आयोजक शक्ति उत्सव समिति के पदाधिकारी सुशील कौशिक ने बताया कि कथा का आयोजन स्वर्गीय दुलारी कौशिक एवं उनके बेटे स्वर्गीय प्रवीण कौशिक की स्मृति में कौशिक परिवार द्वारा कराया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here