तौल कांटे में चिप, व्यापारी को पीटा – उज्जैन कृषि मंडी में उपज लेकर पहुंचे किसानों ने तौल में हेराफेरी का आरोप लगाया, जमकर पीटा

उज्जैन के पास महिदपुर की कृषि मंडी में उपज बेचने आए किसानों के साथ रिमोट वाले तौल कांटे में चिप लगाकर धोखाधड़ी की जा रही थी। शुक्रवार को हंगामे के बिच नौबत मारपीट तक आ गई। देखते ही देखते एक व्यापारी की भीड़ ने पिटाई लगा दी। मामला महिदपुर की कृषि उपज मंडी का है। यहां ग्राम डूंगर खेड़ी के किसान कप्तान सिंह उपज बेचने के लिए आए थे।

सिंह ने मां पार्वती ट्रेडर्स नामक तौल कांटे पर माल को तुलवाया। इस पर उपज तय मात्रा से कम पाई गई। इस पर वहां खड़े किसानों को कांटे में गड़बड़ी की शंका हुई, तो तौल कांटे को संचालित करने वाले प्रोपराइटर कृपाल सिंह से बात की। पता चला कि कांटे को रिमोट से संचालित किया जा रहा था। इस पर से किसान आक्रोशित हो गए। तौल कांटे के व्यापारी को पीट दिया।

रिमोट से संचालित हो रही थी तौल मशीन

तुलावट के व्यापारी श्रीपाल भाटिया द्वारा तोल के समय गड़बड़ी कर इलेक्ट्रॉनिक कांटे को रिमोट से संचालित करना पाया गया। यह देख आसपास उपस्थित सभी आक्रोशित किसानों ने व्यापारी श्रीपाल भाटिया की पिटाई कर दी। जानकारी मिलते ही मंडी सचिव द्वारा कांटे को सीलबंद जब्त कर नापतौल विभाग को सूचना की। बता दे कि मां पार्वती ट्रेडर्स पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है।

प्रति क्विंटल 5 किलो अनाज की हेराफेरी

विभाग निरीक्षक दीपशिखा नागले ने बताया कि तौल कांटे के अंदर अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर रिमोट से ऑपरेट किया जा रहा था। जांच में प्रति क्विंटल 5 किलो अनाज कम दर्शाकर किसान को चपत लगा रहा था।

कार्रवाई के तहत फर्म का लाइसेंस निरस्त कर प्रकरण दर्ज किया जाएगा। पीड़ित किसानों ने बताया कि मां पार्वती पर गेहूं तुलवाने लाए थे। कांटे पर हर क्विंटल में 5 से 10 किलो गेहूं कम निकल रहा था। इसकी रिपोर्ट करने गए तो रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इसकी शिकायत मंडी सचिव को करने के बाद व्यापारी ने विवाद कर मारपीट करने लगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here