फूल बरसाकर बुजुर्गों का सम्मान – 1 साल पूरा होने पर कलेक्टर वृद्धजन सेवा निकेतन पहुंचे, 5101 रुपए भेंट किए

जिला मुख्यालय पर शुरू किये गये वृद्धजन सेवा निकेतन के एक साल पूरा होने पर कलेक्टर दिनेश जैन ने वृद्धजनों का पुष्प माला से सम्मान किया। साथ ही कलेक्टर ने वृद्धजन सेवा निकेतन के लिए अपनी ओर से 5101 रूपये भेंट किये। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अभिलाष चतुर्वेदी तथा वृद्धजन सेवा निकेतन के नोडल हेमंत दुबे भी उपस्थित थे।

वृद्धजन सेवा निकेतन कलेक्टर की पहल पर पिछले वर्ष इसी दिन शुरू किया गया था। इसका संचालन जन सहयोग से प्राप्त होने वाली राशि एवं रेडक्रास के माध्यम से किया जा रहा है। वृद्धजन सेवा निकेतन को जिले के 35 से अधिक सेवाभावी लोगों ने खाद्यान्न, भोजन सामग्री, कूलर, थर्मस, कम्बल, चादर, कपड़े आदि भेंट किये। वही लगभग 80 हजार रूपये से अधिक की राशि नगद रूप से प्राप्त हुई।

कलेक्टर ने एक साल पूरा होने पर यहां की वृद्धा सुगनबाई, मीराबाई, सोयाबाई, मांगीलाल, नारायणलाल, सरदारसिंह एवं जयराम से दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में पूछा। सभी वृद्धजनों ने एक मत से बताया कि वृद्धजन सेवा निकेतन में उन्हें बेहतरीन सेवा प्राप्त हो रही है। उल्लेखनीय है कि वृद्धजन सेवा निकेतन में सप्ताह में एक बार चिकित्सक डॉ. आरसी चक्रवृति द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने जन्म दिन के अवसर पर वृद्धजनों के लिए एक-एक थर्मस फ्लास्क तथा एक समय के भोजन के लिए 1100 रूपये भेंट किये। कलेक्टर ने जिले के सेवाभावी नागरिकों से अनुरोध किया है कि परिवार में शुभ अवसर जैसे कि जन्म दिन, शादी की वर्षगांठ, माता-पिता की पूण्यतिथि आदि पर वृद्धजन सेवा निकेतन पर आकर मनाएं और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here