महिला को बस ने रौंदा, शव से लिपटा रहा पति – भोपाल में भीड़ के धक्के से बाइक सवार महिला सड़क पर गिरी, सिर से गुजरा पहिया

भोपाल में भागती हुई भीड़ ने दो बच्चों से मां का आंचल छीन लिया। महिला अपने बच्चों और पति के साथ बाइक से घर लौट रही थी। तभी सड़क किनारे एक चाय के ठेले में आग लग गई। ठेले पर जमा लोग सड़क की ओर भागे। इनमें से कोई बाइक से टकरा गया। इस झटके में महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी। दूसरी ओर से आ रही बस ने उसे कुचल दिया। जिससे महिला की तत्काल मौत हो गई। पति 10 मिनट तक लहूलुहान लाश को कलेजे से लगाए बिलखता रहा। बच्चों के भी आंसू थम नहीं रहे थे। लोग इसका वीडियो बनाते रहे।

हादसा भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे हुआ। महिला पति और 2 बच्चों के साथ बाइक से रेलवे स्टेशन से अपने घर कमला नगर जा रही थी। अचानक ताज-उल-मस्जिद के सामने एक ठेले में आग लग गई। आग से बचने भागी भीड़ बाइक से टकराई, जिससे महिला उछलकर सड़क पर गिर गई। बस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और बच्चों को भी मामूली चोट आई है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है।

ऐसी है दर्दनाक हादसे की दास्तां…

जानकारी के मुताबिक, राहुल नगर क्षेत्र के कमला नगर निवासी महेश गाखरे प्राइवेट जॉब करता है। वह शाजापुर में रहने वाली अपनी बहन के घर जाने के लिए शुक्रवार सुबह भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचा था। उसके साथ पत्नी दुर्गा गाखरे (33), बेटा लक्ष्य (9), बेटी तामिया (6) भी थे। ट्रेन छूटने पर महेश परिवार काे लेकर वापस शाहजहांनाबाद होते हुए घर लौट रहा था। ताज-उल-मस्जिद के पास अचानक भीड़ दौड़ पड़ी और काेई बाइक से भिड़ गया। धक्का लगते ही बाइक अनबैलेंस होकर गिर गई। दुर्गा उछलकर सड़क पर गिरी, जिसे रॉयल मार्केट की तरफ ढलान से आ रही तेज रफ्तार बस (MP39P0569) का पिछला पहिया उसके सिर से गुजर गया। सड़क किनारे गिरे पति और बच्चे यह खौफनाक मंजर देखते रह गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here